जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय स्टेशन बाजार स्थित Bank of Baroda शाखा में गुरुवार सुबह लिंक फेल होने के कारण बैंकिंग सेवाएं कई घंटों तक बाधित रहीं, जिससे ग्राहकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बैंक खुलने के कुछ ही देर बाद तकनीकी समस्या के चलते लिंक फेल हो गया, जिसके कारण भुगतान एवं जमा संबंधी कार्य पूरी तरह ठप हो गए। ग्राहक घंटों तक बैंक परिसर में बैठकर लिंक बहाल होने का इंतजार करते रहे। करीब दोपहर 3:15 बजे लिंक बहाल होने के बाद बैंकिंग कार्य पुनः शुरू हुआ, जिससे ग्राहकों ने राहत की सांस ली। इस दौरान बैंक में लंबी कतारें देखने को मिलीं। गौरतलब है कि दो दिन अवकाश के बाद गुरुवार को बैंक खुला था, जिसके चलते पहले से ही ग्राहकों की भारी भीड़ थी। ऐसे में लिंक फेल की समस्या ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। शाखा प्रबंधक दिनेश कुमार ने बताया कि तकनीकी कारणों से लिंक फेल होने के चलते बैंकिंग कार्य प्रभावित हुआ। लिंक बहाल होते ही सभी सेवाएं सुचारु रूप से शुरू कर दी गईं।