जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय स्टेशन बाजार स्थित बाईपास रेलवे क्रॉसिंग पर गुरुवार करीब 11:30 बजे बूम टूट जाने से यातायात बाधित हो गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जबकि बाजार क्षेत्र में भी जाम की स्थिति बन गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेन के आगमन की सूचना पर गेटमैन क्रॉसिंग बंद कर रहा था, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक बाइक सवार ने बूम को टक्कर मार दी। टक्कर से बूम टूट गया और बाइक सवार गिर पड़ा, लेकिन गेटमैन के पकड़ने से पहले ही वह बाइक लेकर मौके से फरार हो गया।घटना की सूचना पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और रेलकर्मी मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बूम की मरम्मत की गई, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। इस दौरान राहगीरों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा और बाजार क्षेत्र में भी जाम की स्थिति बनी रही।