गाजीपुर। जनपद गाजीपुर में पॉक्सो मामलों में उत्कृष्ट कार्य करने पर विशेष लोक अभियोजक प्रभूनारायण सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रदान किया गया।
जानकारी के अनुसार, प्रदेश सरकार के अभियोजन निदेशालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस महानिदेशक (अभियोजन) डॉ. दिपेश जुनेजा द्वारा यह प्रशस्ति पत्र जारी किया गया। विशेष लोक अभियोजक प्रभूनारायण सिंह को पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत मामलों का कुशल एवं प्रभावी अभियोजन करने के लिए सम्मानित किया गया है। उल्लेखनीय है कि उन्होंने पॉक्सो से संबंधित कुल 24 मामलों में सजा सुनिश्चित कराई, जिनमें 10 मामलों में आजीवन कारावास की सजा दिलाने में सफलता प्राप्त की। सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रभूनारायण सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि पुलिस विभाग, अभियोजन विभाग एवं उनके सहयोगियों के संयुक्त प्रयास का परिणाम है।