गाजीपुर। महिला सशक्तिकरण और बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता के विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “मिशन शक्ति फेज 5.0 (द्वितीय चरण)” के अंतर्गत जनपद गाजीपुर में “एक दिन की जिलाधिकारी” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर लूदर्स कॉन्वेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज की कक्षा 12 की छात्रा गंगा मौर्या को “एक दिन की जिलाधिकारी” के रूप में मनोनीत किया गया। उन्होंने कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में भाग लेते हुए नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को उनके निस्तारण हेतु आवश्यक निर्देश दिए। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं प्रशासनिक समझ विकसित करना है, ताकि वे भविष्य में समाज और शासन-प्रशासन में सक्रिय भूमिका निभा सकें।
जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने छात्रा को बधाई देते हुए कहा कि मिशन शक्ति अभियान बालिकाओं को बड़े सपने देखने और समाज के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के साथ सशक्त बनाना है। वहीं, छात्रा गंगा मौर्या ने अपने अनुभव साझा करते हुए इसे गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि इस अवसर ने उन्हें प्रशासनिक जिम्मेदारियों और जनता की समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को करीब से समझने का अवसर प्रदान किया। अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि बालिकाओं को सशक्त बनाने के लिए ऐसे प्रेरणादायक कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।