गाजीपुर। मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना की प्रगति एवं लंबित मामलों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में यूपीनेडा के परियोजना अधिकारी सच्चिदानन्द तिवारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा, अग्रणी जिला प्रबंधक (बैंक) राजदेव कुमार, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता, जीएमआर प्रतिनिधि सहित पंजीकृत वेंडर्स उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि विद्युत विभाग स्तर पर मीटर कॉन्फ़िगरेशन के 48, बिल संशोधन/जनरेशन एवं एक्सपोर्ट-इम्पोर्ट से जुड़े 35 तथा मीटर इंस्टॉलेशन से संबंधित 8 मामले लंबित हैं। वहीं, बैंकों के स्तर पर 878 प्रकरण लंबित हैं, जिनमें एसबीआई के 381 और यूबीआई के 280 मामले शामिल हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों और बैंकों को निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, यूपीनेडा को लगातार अनुश्रवण करते हुए प्रगति से अवगत कराने को कहा गया। बैठक में यह भी बताया गया कि 81 प्रकरण वेंडर्स स्तर पर लंबित हैं, जिनमें बैंक द्वारा ऋण स्वीकृत होने के बावजूद इंस्टॉलेशन कार्य बाकी है। इस पर सीडीओ ने वेंडर्स से समन्वय स्थापित कर 7 दिन के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।