गाजीपुर। जनपद में पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति सामान्य और पर्याप्त बनी हुई है। जिला पूर्ति विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार 10 अप्रैल को 1121 केएल पेट्रोल और 1549 केएल डीजल उपलब्ध है, जबकि घरेलू गैस सिलेंडरों का स्टॉक 23,160 है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार 9 अप्रैल को 218 केएल पेट्रोल और 452 केएल डीजल की बिक्री हुई। वहीं, घरेलू गैस सिलेंडरों की बिक्री 8551 और बुकिंग 10,154 दर्ज की गई।
जिला पूर्ति अधिकारी ने गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया है कि सभी उपभोक्ताओं को बुकिंग तिथि के अनुसार शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। किसी भी स्थिति में गोदाम, शोरूम या बाजार से गैस वितरण नहीं किया जाएगा। साथ ही, एजेंसियों को उपभोक्ताओं को सही एवं समय पर जानकारी देने और फोन चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि गैस सिलेंडर केवल वास्तविक कनेक्शन धारक को ही दिया जाएगा और अन्य के कनेक्शन के दुरुपयोग को हतोत्साहित किया जाएगा। व्यावसायिक उपभोक्ताओं को संबंधित पोर्टलों पर पंजीकरण कर गैस की मांग दर्ज कराने की सलाह दी गई है। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अपनी आवश्यकता के अनुसार ही ईंधन की खरीद करें और अनाधिकृत रूप से पेट्रोल-डीजल या गैस का भंडारण न करें। ऐसा पाए जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।