गाजीपुर। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित “मिशन शक्ति फेज 5.0 (द्वितीय चरण)” के तहत जनपद गाजीपुर में पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर जागरूकता एवं सुरक्षा अभियान चलाया गया।
अभियान के अंतर्गत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस बल द्वारा प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थानों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त की गई। इस दौरान आमजन, विशेषकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। वहीं, एंटी रोमियो टीम द्वारा भी सभी थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। टीम ने संवेदनशील स्थानों पर भ्रमण कर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की और शोहदों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना तथा समाज में जागरूकता बढ़ाना है। यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।