गाजीपुर। मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत रायफल क्लब सभागार में “हक की बात जिलाधिकारी के साथ” एवं “शक्ति संवाद” कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में किया गया।कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं से जुड़े महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दों—जैसे लैंगिक असमानता, घरेलू हिंसा, कार्यस्थल पर उत्पीड़न, जमीन विवाद एवं बाल विवाह—पर खुलकर चर्चा की गई। इस दौरान कुल 27 मामले सामने आए, जिनमें घरेलू हिंसा, जमीन विवाद, प्रेम विवाह, शौचालय, आवास एवं स्वयं सहायता समूह से संबंधित समस्याएं शामिल थीं।
जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं से कहा कि वे निडर होकर अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखें, शासन-प्रशासन उनकी हर संभव सहायता करेगा। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड-19 एवं सामान्य) तथा स्पॉन्सरशिप योजना से लाभान्वित बच्चों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पारिवारिक स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी, हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन की टीम, वन स्टॉप सेंटर की प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बालिकाएं उपस्थित रहीं।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर उन्हें सशक्त बनाना रहा।