जमानियां (गाजीपुर)। जमानियां परिक्षेत्र स्थित सेंट मेरीज स्कूल में सत्र 2026–27 के लिए प्राथमिक कक्षाओं के नवप्रवेशी बालक-बालिकाओं का विद्यारंभ संस्कार समारोह शनिवार को हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय के हिंदी विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर अखिलेश शर्मा शास्त्री रहे। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की प्रधानाचार्या सिस्टर मिनी फिलिप के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की अध्यापिकाओं द्वारा नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया तथा परंपरानुसार उन्हें प्रथम अक्षर लेखन (विद्यारंभ) कराया गया। साथ ही बच्चों को मिष्ठान एवं उपहार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
मुख्य अतिथि का संबोधन
मुख्य अतिथि प्रो. अखिलेश शर्मा शास्त्री ने अपने संबोधन में कहा कि “विद्यारंभ संस्कार भारतीय संस्कृति की एक महत्वपूर्ण परंपरा है, जो बच्चों के जीवन में शिक्षा के प्रथम कदम को पवित्रता और सकारात्मक ऊर्जा के साथ जोड़ता है। विद्यालय और अभिभावकों की संयुक्त भूमिका ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखती है। यदि प्रारंभिक शिक्षा सही दिशा में दी जाए, तो वही बच्चे आगे चलकर समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।”उन्होंने विद्यालय परिवार के इस सराहनीय प्रयास की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि और आत्मविश्वास बढ़ाते हैं। अंत में विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।