जमानियां (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम असैचन्दपुर स्थित नहर में सोमवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोज की तरह सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने नहर में लगभग 45 वर्षीय युवक का शव देखा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक के गले पर निशान तथा नाक से खून निकलने के संकेत मिले हैं। वहीं नहर के आसपास खून के निशान न मिलने से यह आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कहीं और कर शव को यहां फेंका गया है।मौके से शराब की बोतल (8 पीएम), सूर्ती एवं सूर्ती की डिबिया भी बरामद हुई है। मृतक पीले रंग की टी-शर्ट और लोअर पहने हुए था। पुलिस ने शव की पहचान के लिए प्रयास किया, लेकिन पहचान न होने पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु जिला मुख्यालय स्थित मोर्चरी हाउस भेज दिया गया है।
पुलिस का बयान
प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। शव को 72 घंटे तक मोर्चरी में सुरक्षित रखा जाएगा। मामले की जांच जारी है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना स्थल अभईपुर पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर स्थित है, जिससे स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है। हाल के दिनों में क्षेत्र में चोरी एवं अन्य घटनाओं ने पुलिस गश्त की प्रभावशीलता पर भी सवाल खड़े किए हैं।