गाजीपुर। समाज कल्याण विभाग गाजीपुर द्वारा संचालित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय, सैदपुर एवं जनपद के चार राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास—छावनी लाइन सकलेनाबाद, जलालाबाद तथा सादात—में भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि शैलेश कुमार (जिला अध्यक्ष, भाजपा अनुसूचित मोर्चा) तथा जिला पंचायत सदस्य करंडा श्रीमती सरिता गुप्ता द्वारा बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला समाज कल्याण अधिकारी ने की, जिन्होंने अपने संबोधन में डॉ. आंबेडकर के जीवन, संघर्ष एवं योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने बाबा साहब के समानता, सामाजिक न्याय एवं शिक्षा के सिद्धांतों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि उनका जीवन देश के प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने संविधान निर्माण एवं राष्ट्र निर्माण में डॉ. आंबेडकर के अमूल्य योगदान को भी रेखांकित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय एवं छात्रावासों की छात्राओं ने गीत-संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। अंत में उपस्थित अतिथियों ने सभी छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, छात्रावासों के अधीक्षकगण एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।