गाजीपुर। जनपद में चल रहे फार्मर रजिस्ट्री (किसान आईडी) विशेष अभियान का जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत फतेउल्लाहपुर एवं सहेड़ी का दौरा कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पंचायत सचिव एवं लेखपाल से मृतक एवं भूमिहीन कृषकों के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा निर्देश दिया कि फार्मर रजिस्ट्री का कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी पात्र किसान का नाम छूटना नहीं चाहिए।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पात्र किसानों की ई-केवाईसी एवं भू-अभिलेख सत्यापन (खतौनी-आधार लिंकिंग) शीघ्रता से पूर्ण कराया जाए, ताकि उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित अन्य कृषि योजनाओं का लाभ मिल सके। साथ ही उन्होंने कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) एवं फसल बीमा योजनाओं के लिए सटीक डाटाबेस तैयार करना भी आवश्यक है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ग्राम सचिवालय एवं पंचायत भवनों का नियमित भ्रमण कर लंबित एवं त्रुटिपूर्ण प्रकरणों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे अपना आधार कार्ड, बैंक पासबुक एवं खतौनी लेकर जन सेवा केंद्र अथवा कृषि समन्वयक के पास जाकर अपनी किसान आईडी बनवाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि आधार एवं खतौनी में नाम भिन्न है, तो उसे तुरंत सही कराया जाए, अन्यथा रजिस्ट्री अमान्य हो सकती है। खतौनी का आधार से सत्यापन (e-KYC) अनिवार्य कर दिया गया है, जिससे केवल पात्र लाभार्थियों को ही योजनाओं का लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर, नायब तहसीलदार, संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं किसान उपस्थित रहे।