जमानियां (गाजीपुर)। एस.एस. देव पब्लिक स्कूल, जमानियां के कक्षा 10वीं (सत्र 2025–26) के छात्र-छात्राओं ने इस वर्ष उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय में हर्ष का माहौल व्याप्त हो गया, वहीं अभिभावकों में भी खुशी की लहर देखी गई। विद्यालय की मेधावी छात्रा अंजली चौबे ने 95.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। इसके साथ ही हिमांशु गुप्ता एवं खुशी गौतम ने 92.2 प्रतिशत अंक अर्जित कर संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसी क्रम में खुशी यादव (91.4%), निशांत पांडेय (91.2%), प्रियंशु मौर्य (91%), सत्यम कुमार अंचल (90.4%) एवं आस्था चौबे (90%) ने भी 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय की उपलब्धियों में चार चांद लगा दिए।
इस अवसर पर आयोजित समारोह में विद्यालय के प्रबंधक सुभाष चंद्र कुशवाहा ने सभी सफल विद्यार्थियों को माल्यार्पण कर एवं मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण एवं अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यालय भविष्य में भी शिक्षा की गुणवत्ता को उच्च स्तर पर बनाए रखेगा। वहीं प्रधानाचार्या सुनीता कुशवाहा ने कहा कि विद्यार्थियों ने अनुशासन, निरंतर प्रयास और समर्पण के बल पर यह सफलता अर्जित की है, जो अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। विद्यालय परिवार ने सभी सफल छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया।