जमानियां (गाजीपुर)। हाल ही में घोषित परीक्षा परिणामों में बरुईन, जमानियां स्थित एसआरएनएसएस पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का दबदबा कायम रखा है। विद्यार्थियों ने शानदार अंक अर्जित कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में विद्यालय परिसर में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के डायरेक्टर रणविजय सिंह ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। वहीं सचिव मनीष तिवारी ने छात्रों को निरंतर आगे बढ़ते रहने और नई ऊँचाइयों को छूने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य नदीम खान ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर शिक्षकगण जे.पी. चौरेसिया, शिवानी तिवारी, दीपक सिंह एवं शहाना मैम ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके निरंतर प्रगति की कामना की। विद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की आशा व्यक्त की।