जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के देवरिया गांव में 14 वर्षीय किशोर राजू की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद शनिवार को क्षेत्र में भारी बवाल हो गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगाते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-24 पर देवरिया-सबलपुर चट्टी के पास शव रखकर चक्का जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
सुबह करीब 8 बजे शुरू हुए इस विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर ईंट-पत्थर एवं पेड़ की टहनियां रखकर मार्ग अवरुद्ध कर दिया। मृतक के पिता दिनेश यादव ने आरोप लगाया कि उनके पुत्र की गला दबाकर हत्या की गई है। उनका कहना है कि शुक्रवार को पड़ोसी गांव के दो लोग राजू को किसी काम के बहाने अपने साथ ले गए थे, जिसके बाद वह देर रात तक घर नहीं लौटा। परिजनों के अनुसार, शनिवार सुबह एक निजी एम्बुलेंस राजू के शव को गांव के पास छोड़कर भागने का प्रयास कर रही थी, जिसे ग्रामीणों ने संदेह होने पर पकड़ लिया। मृतक के गले पर मिले निशान हत्या की आशंका को और मजबूत कर रहे हैं। राजू तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और अपने पिता के साथ परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करता था। घटना के बाद से मां ममता सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया, तहसीलदार राम नारायण वर्मा एवं प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों एवं ग्रामीणों को समझाने-बुझाने के साथ निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया, जिसके बाद करीब दोपहर 1:30 बजे जाम समाप्त हुआ। प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।