जमानियां (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के देवढ़ी गांव में शुक्रवार की रात जनरेटर मांगने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गांव के ही एक युवक ने लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर 17 वर्षीय किशोर को घायल कर दिया। गोली किशोर के दाहिने हाथ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद आरोपी अपनी मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर फरार हो गया, जिसे बाद में पुलिस ने बरामद कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवढ़ी गांव निवासी इमामुद्दीन के घर शुक्रवार रात करीब 10 बजे गांव का ही निवासी वीरबहादुर सिंह (पुत्र मुन्ना सिंह उर्फ शिवप्रकाश सिंह) जनरेटर मांगने पहुंचा। घर की महिलाओं द्वारा मना किए जाने पर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और आरोपी वहां से चला गया। आरोप है कि करीब 10:30 बजे जब इमामुद्दीन घर के बाहर पहुंचे, तो आरोपी पुनः मोटरसाइकिल से पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने लाइसेंसी पिस्टल निकालकर जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान इमामुद्दीन का पुत्र दिलनवाज (17) मौके पर पहुंचा, जिसे देखते ही आरोपी ने फायरिंग कर दी। गोली दिलनवाज के दाहिने हाथ में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे, जिन्हें आता देख आरोपी मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गया। परिजनों ने घायल किशोर को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि आरोपी वीरबहादुर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है। ग्रामीणों के अनुसार, 20 तारीख को आरोपी की शादी प्रस्तावित है और उसके घर रिश्तेदार आए हुए थे। शुक्रवार को गांव का ट्रांसफार्मर जल जाने से अंधेरा छा गया था। उमस भरी गर्मी से राहत पाने के लिए आरोपी जनरेटर लेने गया था। महिलाओं द्वारा पूर्व बकाया राशि की मांग किए जाने पर विवाद बढ़ गया, जो बाद में फायरिंग की घटना में बदल गया।