गाजीपुर। महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण) के तहत रविवार को जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जागरूकता एवं सुरक्षा अभियान चलाया गया। अभियान के क्रम में पुलिस बल द्वारा मुख्य बाजारों, संवेदनशील स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त कर आमजन, विशेषकर महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया गया। इस दौरान उन्हें सुरक्षा उपायों एवं महिला हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी भी दी गई। वहीं, एंटी रोमियो टीमों द्वारा जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों एवं शोहदों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।