गाजीपुर। थाना करंडा पुलिस ने हत्या के एक चर्चित मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर तथा क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस के अनुसार, 15 अप्रैल 2026 को जमानिया-धरम्मरपुर पुल के पास एक युवती का चप्पल, मोबाइल और अन्य सामान बरामद हुआ था, जिसके बाद उसकी लाश नदी में मिली थी। परिजनों की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके उपरांत 19 अप्रैल को मृतका के पिता सियाराम की तहरीर के आधार पर थाना करंडा में हत्या का मुकदमा (मु0अ0सं0 52/2026, धारा 103(1) बीएनएस) दर्ज किया गया।
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त हरिओम पाण्डेय (पुत्र सुभाष पाण्डेय, निवासी ग्राम कटरिया, थाना करंडा) को बड़सरा बाईपास आरीपुर-पहाड़पुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के संबंध में क्षेत्राधिकारी स्तर के अधिकारी द्वारा मौके का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार से वार्ता की गई और विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की गई। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि कुछ अराजक तत्वों द्वारा मामले को जातिगत रंग देने और सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जो पूरी तरह निराधार है। ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अरुण पाण्डेय सहित थाना करंडा की पुलिस टीम शामिल रही।