गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में गोआश्रय स्थलों के संबंध में जनपद स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गोआश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।जिलाधिकारी ने सभी गोआश्रय स्थलों की तारबंदी कराने के निर्देश दिए, ताकि गोवंशों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। साथ ही यह निर्णय लिया गया कि गोआश्रय स्थलों पर कार्यरत गोसेवकों एवं रात्रि चौकीदारों को मनरेगा की दर से मासिक भुगतान किया जाएगा।
बैठक के दौरान कुछ गोआश्रय स्थलों पर हरे चारे की व्यवस्था न होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने समस्त उप जिलाधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि दो दिन के भीतर चारा उत्पादक किसानों से अनुबंध कर हरे चारे की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए।इसके अतिरिक्त, जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिया गया कि जनपद के सभी शेष गोआश्रय स्थलों पर तत्काल सीसीटीवी कैमरे एवं वाई-फाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे निगरानी व्यवस्था मजबूत हो सके।
बैठक में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद कुमार शाही ने अवगत कराया कि 15 अप्रैल 2026 से जनपद के सभी गोआश्रय स्थलों के लिए भूसा संग्रहण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत आगामी छह माह की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए दान एवं क्रय के माध्यम से भूसा एकत्रित किया जा रहा है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र सरोज, परियोजना निदेशक दीन दयाल वर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी रमेश चंद्र उपाध्याय सहित समस्त उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी, नगर निकायों के प्रतिनिधि, पशु चिकित्साधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।