गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने मंगलवार को तहसील जखनियां का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने तहसील परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण, राजस्व कार्यों की प्रगति तथा आमजन को दी जा रही सेवाओं की गुणवत्ता की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी कक्ष, अभिलेखागार, लेखपाल कक्ष, न्यायालय कक्ष, रिकार्ड रूम एवं जनसुनवाई काउंटर सहित विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव एवं साफ-सफाई पर संतोष जताते हुए निर्देश दिया कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
जिलाधिकारी ने 5 वर्ष से अधिक समय से लंबित प्रकरणों की जानकारी लेकर उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही तहसील दिवस से संबंधित शिकायत रजिस्टर का अवलोकन करते हुए सभी शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान उपस्थित शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनकर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी जखनियां को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा राजस्व मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में शौचालय, पेयजल एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। इस मौके पर उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार जखनियां सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।