जमानियां, गाजीपुर। 91 यूपी बटालियन मुगलसराय के समादेश अधिकारी कर्नल अमर सिंह के निर्देशानुसार हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय एवं हिंदू इंटर कॉलेज, जमानियां के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली वर्षगांठ श्रद्धा, उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेटों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए राष्ट्रसेवा और अनुशासन की भावना का परिचय दिया। कार्यक्रम का संचालन कैप्टन डॉ. अंगद प्रसाद तिवारी ने किया।कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण से हुई, जिसके बाद राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात ‘शौर्य संवाद’ का आयोजन किया गया, जिसमें वक्ताओं ने भारतीय सेना के साहस, पराक्रम और राष्ट्र सुरक्षा में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला। संवाद कार्यक्रम के उपरांत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को पुरस्कृत भी किया गया। इसके बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर सभी एनसीसी कैडेट सेरेमोनियल यूनिफॉर्म में उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम का माहौल और अधिक अनुशासित एवं गौरवपूर्ण दिखाई दिया।

इस अवसर पर कर्नल अमर सिंह ने अपने संदेश में कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ भारतीय सेना की अदम्य वीरता, रणनीतिक कौशल और राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति अटूट संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेटों को सेना के अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और समर्पण की भावना को आत्मसात करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. श्रीनिवास सिंह ने कहा कि भारतीय वायुसेना, थल सेना और नौसेना के संयुक्त प्रयासों से यह अभियान सफल हुआ। उन्होंने कैडेटों से अनुशासन और तकनीकी दक्षता विकसित करने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा ही देश का भविष्य हैं। गोष्ठी को संबोधित करते हुए हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. अखिलेश कुमार शर्मा शास्त्री ने बताया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ भारत द्वारा 6-7 मई 2025 की रात पाकिस्तान एवं पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकी ठिकानों के खिलाफ चलाया गया एक सटीक सैन्य अभियान था। उन्होंने कहा कि यह अभियान 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले के जवाब में शुरू किया गया था, जिसमें 26 निर्दोष नागरिकों की मृत्यु हुई थी।

कैप्टन डॉ. अंगद प्रसाद तिवारी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को भारतीय सेना के शौर्य, साहस और आधुनिक सैन्य तकनीक का प्रतीक बताया।उन्होंने कैडेटों से राष्ट्रभक्ति, सेवा और अनुशासन की भावना को अपने जीवन का मूल मंत्र बनाने तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में कार्य करने की अपील की। हिंदू इंटर कॉलेज के द्वितीय अधिकारी रामजी प्रसाद ने कहा कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं में नेतृत्व, अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का सशक्त मंच है। उन्होंने कैडेटों से जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में देशहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया। वहीं लेफ्टिनेंट संतोष पाटिल ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसी सैन्य कार्रवाई देश की संप्रभुता और सुरक्षा के प्रति भारतीय सेना की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।कार्यक्रम में आइक्यूएसी प्रभारी प्रो. अरुण कुमार, अतुल कुमार शर्मा सहित बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।