जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के चौधरी मोहल्ला निवासी एक युवक की ट्रेन यात्रा के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक का शव रविवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने बरामद किया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चौधरी मोहल्ला निवासी दूधनाथ के दो पुत्र हैं, जिनमें बड़ा पुत्र अर्जुन और छोटा पुत्र मंगरू था। मंगरू बीते 26 अप्रैल 2026 को मछली पालन के कार्य के सिलसिले में चेन्नई गया था। परिजनों के मुताबिक वहां काम में मन नहीं लगने पर उसने घर लौटने का निर्णय लिया और 8 मई को ट्रेन से जमानियां के लिए रवाना हुआ।बताया जा रहा है कि यात्रा के दौरान चंदौली जनपद की सीमा में अज्ञात हमलावरों ने उसे गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। रविवार को डीडीयू रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने शव बरामद कर कब्जे में लिया। पहचान होने के बाद पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी।मृतक के बड़े भाई अर्जुन चौधरी ने बताया कि पुलिस से सूचना मिली कि उनके भाई मंगरू का शव डीडीयू स्टेशन पर है। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य रोते-बिलखते स्टेशन के लिए रवाना हो गए।मंगरू अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बेटियों को छोड़ गया है, जिनकी उम्र क्रमशः 6 वर्ष और 2 वर्ष बताई जा रही है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल जीआरपी और स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक को गोली किसने, कहां और किन परिस्थितियों में मारी।