जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के कसेरा गांव में एक मकान में घुसकर चोरों ने हजारों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना 22-23 अप्रैल की दरमियानी रात की बताई जा रही है। मामले में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने गुरुवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली में दी गई तहरीर में कसेरा गांव निवासी दिनेश सिंह पुत्र स्व. समुन्दर सिंह ने बताया कि उनके भाई सुरेश सिंह का मकान गांव में स्थित है। 22 और 23 अप्रैल 2026 की रात अज्ञात चोर घर में घुस गए और कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे 60 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। इसके अलावा घर में रखे महिलाओं के सोने के आभूषण और कुछ चांदी के सामान भी उठा ले गए। शिकायतकर्ता ने बताया कि चोरी गए जेवरातों की विस्तृत सूची घर की महिलाओं से जानकारी लेने के बाद पुलिस को उपलब्ध कराई जाएगी।पीड़ित पक्ष ने गांव के ही एक युवक पर चोरी की घटना को अंजाम देने का शक जताया है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि गांव निवासी दीपक उर्फ मदन पुत्र सुरेन्द्र यादव ने इस घटना को अंजाम दिया है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से नामजद आरोपी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। नामजद आरोपी की भूमिका की गहनता से जांच की जा रही है।