जमानियां। अपराध एवं अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को स्थानीय पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जमानियां रेलवे स्टेशन से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की। कार्रवाई के दौरान सात तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जो शराब की खेप बिहार ले जाने की तैयारी में थे।
जानकारी के अनुसार जमानियां थाने के उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह, जीआरपी दिलदारनगर के उपनिरीक्षक अश्विनी कुमार पटेल तथा आरपीएफ दिलदारनगर के उपनिरीक्षक नवीन कुमार की संयुक्त टीम रेलवे स्टेशन परिसर में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि प्लेटफॉर्म नंबर-1 स्थित यात्री शेड के पास कुछ लोग भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही संयुक्त टीम ने स्टेशन पर घेराबंदी कर सात संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद 22 पिठ्ठू बैग, पांच बोरियों और चार झोलों से बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार कुल 498.5 लीटर बीयर, जिसमें 500-500 मिलीलीटर की 997 केन शामिल हैं, तथा 56.71 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई। अंग्रेजी शराब में ‘रॉयल स्टैग’ और ‘आफ्टर डार्क’ ब्रांड की कई बोतलें शामिल हैं। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के विभिन्न जिलों के निवासियों के रूप में हुई। गिरफ्तार तस्करों में पटना निवासी अनुराग कुमार (23), सुमित कुमार (33), जितेन्द्र कुमार (37) और शिवकुमार (28), सीतामढ़ी निवासी आशीष कुमार (32) तथा नालंदा निवासी राकेश कुमार (30) और सतीश कुमार (21) शामिल हैं। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 एक्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य नेटवर्क की भी जांच कर रही है तथा सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।