जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के तिवारीपुर (ढढनी भानमल राय) गांव में सिंचाई के लिए लगे पम्पिंग सेट के बिजली पोल उखाड़ने और तार चोरी करने के मामले में आखिरकार पुलिस ने शनिवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पीड़ित और बिजली विभाग को कार्रवाई के लिए कई महीनों तक थानों के चक्कर लगाने पड़े। प्राप्त तहरीर के अनुसार गांव निवासी मृत्युंजय कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि उनके नाम से खेतों की सिंचाई के लिए पम्पसेट का विद्युत कनेक्शन संचालित था। आरोप है कि करीब पांच माह पूर्व उनके पटीदार परमानन्द चौबे ने पहले बिजली के तार उतार लिए और बाद में जेसीबी मशीन की मदद से खेत में लगे बिजली के पोल को उखाड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया।
पीड़ित के अनुसार घटना की सूचना तत्काल बिजली विभाग को दी गई थी। विभागीय कर्मचारियों ने मौके की जांच कर सुहवल थाने में लिखित शिकायत भी दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बाद में विभाग ने रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से दोबारा शिकायत भेजी, फिर भी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। काफी समय बाद सुहवल थाने के उपनिरीक्षक भोला सरोज ने स्पष्ट किया कि घटनास्थल जमानियां कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आता है। इसके बाद पीड़ित ने स्थानीय कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।पीड़ित ने आरोप लगाया कि मामले की शिकायत करने पर आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। कहा कि यदि दोबारा थाने या बिजली विभाग में शिकायत की गई तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि पीड़ित मृत्युंजय कुमार चतुर्वेदी की तहरीर तथा बिजली विभाग द्वारा पूर्व में दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर आरोपी पटीदार एवं संबंधित जेसीबी संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।