गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए लोक निर्माण विभाग की कार्ययोजना तैयार करने को लेकर राइफल क्लब सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद की सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में सड़क चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण, नव निर्माण एवं सेतु निर्माण कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान पिछले वित्तीय वर्ष में स्वीकृत लेकिन अस्वीकृत रह गए कार्यों को नई कार्ययोजना में शामिल करने के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों द्वारा सुझाए गए नए प्रस्तावों को भी सम्मिलित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी विधानसभा क्षेत्रों में समान रूप से विकास कार्य प्रस्तावित किए जाएं, ताकि जनपद का संतुलित एवं सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सभी प्रस्तावित कार्यों का शीघ्र स्थलीय निरीक्षण कर कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जाए। बैठक में गाजीपुर शहर की जर्जर एवं क्षतिग्रस्त सड़कों की समस्या भी प्रमुखता से उठाई गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सड़कों की मरम्मत हेतु मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन को अर्द्धशासकीय पत्र भेजकर विशेष पैकेज की मांग की जाए, जिससे शहरवासियों को जल्द राहत मिल सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, विधायक ओमप्रकाश सिंह, जैकिसुन साहू, मन्नू अंसारी, जखनियां, जहूराबाद एवं सैदपुर विधानसभा क्षेत्रों के प्रतिनिधि, एमएलसी विशाल सिंह चंचल के प्रतिनिधि, सांसद अफजाल अंसारी के प्रतिनिधि सहित लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।