गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में जिला आयुष समिति की बैठक शुक्रवार शाम कलेक्ट्रेट स्थित राइफल क्लब सभागार में आयोजित की गई। बैठक में समिति के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जनपद में निर्माणाधीन राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालयों के भवन निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा कराया जाए। साथ ही आयुष्मान आरोग्य मंदिर केंद्रों पर रिक्त अंशकालिक योग प्रशिक्षकों के पदों पर आबद्धिकरण के लिए विज्ञापन जारी करने तथा महाविद्यालयों से संपर्क कर योग डिप्लोमा धारक युवाओं की जानकारी प्राप्त करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिला आयुष समिति के एसएनए खाते में बजट की मांग समय से भेजने को कहा।बैठक में आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनपद के सभी विभागों को पत्र भेजकर अधिक से अधिक लोगों को योगाभ्यास कार्यक्रम से जोड़ने के लिए प्रेरित किया जाए। इसके लिए भारत सरकार द्वारा जारी लिंक
योग पंजीकरण लिंक तथा समर्पित टोल फ्री नंबर 18003157008 के माध्यम से पंजीकरण कराने पर जोर दिया गया, ताकि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए जा सकें। बैठक के अंत में अन्य कोई प्रस्ताव न होने पर जिलाधिकारी ने बैठक समाप्त करने की घोषणा की। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. द्विग्विजय नाथ ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।