जमानियां। ब्लॉसम एकेडमिक स्कूल में मातृ दिवस बड़े ही हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से उपस्थित माताओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम को रोचक बनाने के लिए माताओं के बीच विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें शानदार प्रदर्शन करने वाली विजेता माताओं को विशेष रूप से पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। विद्यालय के छोटे-छोटे बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से मां के प्रति अपने प्रेम और सम्मान को अभिव्यक्त किया। बच्चों के नृत्य एवं प्रस्तुतियों को देखकर उपस्थित अभिभावक भावुक हो उठे और पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह का माहौल बना रहा। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक कृष्णा नंद राय ने कहा कि मां का स्थान इस दुनिया में सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि मां के प्रेम, त्याग और बलिदान की तुलना किसी भी चीज से नहीं की जा सकती। मां ही बच्चों के जीवन की पहली गुरु होती हैं। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्वेता राय और उप प्रधानाचार्य ईश्वर चंद्र गुप्ता सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय परिवार का विशेष योगदान रहा।