Skip to content
City Super Fast News

City Super Fast News

Your Voice…

Primary Menu

परदेस से लौटा युवक शव बनकर घर पहुंचा, पत्नी और मासूम बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल

ब्यूरो 11-05-2026

हमारे पोस्ट को करें:

  • Share on X (Opens in new window) X
  • Share on Facebook (Opens in new window) Facebook
  • Share on LinkedIn (Opens in new window) LinkedIn
  • Share on Tumblr (Opens in new window) Tumblr
  • Share on Pinterest (Opens in new window) Pinterest
  • Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp
CSF-Logo-500x280

जमानियां। रोजी-रोटी की तलाश में चेन्नई गए एक युवक की हत्या से कोतवाली क्षेत्र का चौधरी मोहल्ला शोक में डूब गया। ट्रेन से घर लौट रहे युवक की चंदौली जनपद में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। रविवार को डीडीयू स्टेशन की जीआरपी से मौत की सूचना घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक मंगरू, दूधनाथ का छोटा बेटा था। परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए वह बीते 26 अप्रैल को मछली पालन के काम से चेन्नई गया था। परिजनों के अनुसार वहां मन न लगने पर उसने वापस घर लौटने का निर्णय लिया और 8 मई को ट्रेन से जमानियां के लिए रवाना हुआ। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात हमलावरों ने उसे गोली मार दी।

घर पर उसकी पत्नी सोनी और दो मासूम बेटियां, जिनकी उम्र 6 वर्ष और 2 वर्ष है, उसके लौटने का इंतजार कर रही थीं। परिजनों के अनुसार बच्चियां अपने पिता के आने और उनके लिए खिलौने लाने की बात कर रही थीं, लेकिन घर पहुंची तो सिर्फ मौत की खबर। पति की हत्या की सूचना मिलते ही पत्नी सोनी बेसुध होकर गिर पड़ी। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार अब परिवार के सामने बच्चों के पालन-पोषण और जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है। सोमवार शाम जब मंगरू का शव जमानियां पहुंचा तो पूरे मोहल्ले में मातम छा गया। नगर के बलुआ घाट पर शाम करीब पांच बजे नम आंखों के बीच उसका अंतिम संस्कार किया गया। वृद्ध पिता दूधनाथ ने कांपते हाथों से अपने जवान बेटे की चिता को मुखाग्नि दी। इस हृदयविदारक दृश्य को देखकर घाट पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। मृतक के बड़े भाई अर्जुन और परिवार के अन्य सदस्य गहरे सदमे में हैं। स्थानीय लोगों के बीच घटना को लेकर आक्रोश और दुख का माहौल है। वहीं पुलिस और जीआरपी मामले की जांच में जुटी हुई है।

संबंधित समाचार

Post navigation

Previous: जिला आयुष समिति की बैठक सम्पन्न, योग दिवस की तैयारियां तेज करने के निर्देश
Next: दंपति पर लाठी-डंडों से हमला, पांच महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज

हो सकता है आप चूक गए हों

CSF-Logo-500x280

जमीन की सफाई को लेकर मारपीट, पांच नामजद आरोपियों पर मुकदमा दर्ज

ब्यूरो 19-07-2026
CSF-Logo-500x280

बच्चों के विवाद में पिता-पुत्र से मारपीट, एक पर मुकदमा दर्ज

ब्यूरो 19-07-2026
CSF-Logo-500x280

पानी निकासी के विवाद में सात पर मुकदमा दर्ज

ब्यूरो 19-07-2026
3c7964b8-8cea-4cd0-a62c-6b0e606c09f3

दुष्कर्म के फर्जी मुकदमे की धमकी देकर धन उगाही के आरोप में मां-बेटी गिरफ्तार

ब्यूरो 19-07-2026
Copyright © All rights reserved. | MoreNews by AF themes.