जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के मंझरिया गांव में रविवार शाम टेबल पंखा लगाते समय करंट लगने से एक 15 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद परिजनों ने उसे आनन-फानन में गाजीपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
ग्रामीण कृष्णानंद के अनुसार मंझरिया गांव निवासी ओम प्रकाश का पुत्र दीपक रविवार शाम करीब 7:15 बजे घर में टेबल पंखा लगा रहा था। इसी दौरान वह अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गया और अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा। बताया गया कि कुछ देर बाद जब उसकी बहन कमरे में पहुंची तो उसने दीपक को बेहोश अवस्था में पड़ा देखा। स्थिति को समझते हुए उसने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए पंखे का प्लग बोर्ड से निकाल दिया और शोर मचाकर परिवार के लोगों को बुलाया। आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने दीपक को अचेत हालत में देखा तो घबरा गए। इसके बाद उसे तत्काल इलाज के लिए गाजीपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में किशोर का उपचार जारी है। घटना के बाद परिवार में चिंता और भय का माहौल बना हुआ है।