जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के खिजिरपुर अलीनगर गांव में दरवाजे पर कूड़ा फेंकने का विरोध करना एक दंपति को भारी पड़ गया। आरोप है कि पड़ोसियों ने विरोध करने पर पति-पत्नी को लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित अमजद खान ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 7 मई को पड़ोसी अब्दुल कादिर, मिन्टू और अंजुम आरा उनके घर के सामने कूड़ा फेंक रहे थे। जब उन्होंने और उनकी पत्नी समा फिरोज ने इसका विरोध किया तो आरोपी गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि इसके बाद तीनों ने लात-घूंसों और डंडों से दंपति की पिटाई कर दी। हमले में अमजद खान की आंख तथा उनकी पत्नी की पसलियों में गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि तहरीर के आधार पर रविवार को तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।