जमानियां, गाजीपुर। शिक्षक एमएलसी एवं विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लालबिहारी यादव ने सोमवार को क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों का भ्रमण कर शिक्षकों की समस्याओं पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल बच्चों को शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि उनके भविष्य को संवारने का कार्य भी करते हैं। शिक्षा से ही देश का विकास संभव है।
विद्यालयों में शिक्षकों से संवाद के दौरान लालबिहारी यादव ने कहा कि देश का भविष्य तैयार करने वाले शिक्षक आज सरकार की नीतियों के कारण परेशान हैं। उन्होंने पुरानी पेंशन योजना को लेकर सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि सत्ताधारी वर्ग स्वयं पुरानी पेंशन का लाभ ले रहा है, जबकि शिक्षकों और कर्मचारियों को नई पेंशन योजना दी जा रही है। यदि नई पेंशन योजना बेहतर है तो इसे सभी पर समान रूप से लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि माध्यमिक विद्यालयों में निश्चित मानदेय पर शिक्षकों की नियुक्ति की तैयारी शिक्षक हित में नहीं है। संबद्ध प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों की एमपीएस कटौती न होना भी गंभीर विषय है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शिक्षकों की समस्याओं और अधिकारों को लेकर उनका संघर्ष सदन में जारी रहेगा। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों से उनकी समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष अनिल यादव, वरिष्ठ नेता रामप्यारे यादव सहित अन्य नेता एवं शिक्षक मौजूद रहे।