जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के लोटवां गांव में एक दंपति पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रविवार को पांच महिलाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम लोटवां निवासी शिवशंकर यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे वह उपजिलाधिकारी के आदेश पर नायब तहसीलदार, राजस्व टीम और पुलिस बल के साथ खेत की कटाई कराने गए थे। इसी दौरान उनकी पत्नी घर पर अकेली थीं।
आरोप है कि पत्नी ने घर के दरवाजे पर मिट्टी का तेल रखा देखा, जिसके बाद उन्होंने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए फोन पर शिवशंकर को सूचना दी। सूचना मिलने पर जब शिवशंकर घर पहुंचे और बाहर निकलने लगे, तभी गांव की पांच महिलाओं ने उन्हें और उनकी पत्नी को घेर लिया। पीड़ित के अनुसार गांव की सोनी देवी, सुमन देवी, रंजु देवी, संजु देवी और सीखा देवी ने लाठी-डंडों एवं ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दे रही थीं। हमले में शिवशंकर यादव और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। शोर सुनकर उनका बेटा सुजित यादव और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा बीच-बचाव कर किसी तरह दोनों को बचाया।पीड़ित ने बताया कि मारपीट और छीना-झपटी के दौरान उनकी पत्नी का मोबाइल फोन भी गायब हो गया। घटना के बाद घायल अवस्था में दंपति कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।