शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर गाजीपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 39 चालकों का चालान
गाजीपुर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से गाजीपुर पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। बिरनो टोल प्लाजा सहित प्रमुख मार्गों पर चलाए गए अभियान में 39 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए, जिनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, क्षेत्राधिकारी यातायात एवं थानाध्यक्ष बिरनो के नेतृत्व में आठ टीमों का गठन किया गया। टीमों ने बिरनो टोल प्लाजा की आठों लेन, मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान एक राज्य से दूसरे राज्य में जाने वाले वाहनों, रोडवेज बसों, चार पहिया एवं दो पहिया वाहनों सहित कुल 319 वाहनों की जांच की गई। जांच में 39 चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए, जिनके खिलाफ ड्रंकन ड्राइविंग के तहत चालान किया गया। इसके अतिरिक्त 21 अन्य वाहनों के खिलाफ भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल लगभग 4 लाख 30 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया तथा प्रवर्तन एवं चालान की कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।