गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “मिशन शक्ति फेज-5.0 (द्वितीय चरण)” अभियान के अंतर्गत गुरुवार को जनपद गाजीपुर में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के तहत पुलिस प्रशासन द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों में बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त कर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई।
पुलिस टीमों ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं को उनके अधिकारों, हेल्पलाइन नंबरों तथा सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया। साथ ही लोगों से महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के प्रति संवेदनशील रहने की अपील की गई। इसी क्रम में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में एंटी रोमियो टीमों ने भी सक्रियता दिखाते हुए संवेदनशील स्थानों पर सघन भ्रमण और चेकिंग अभियान चलाया। टीमों ने संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त शोहदों पर नजर रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा समाज में जागरूकता बढ़ाना है।पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।