जमानियां। कोतवाली पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दरौली स्टेशन के समीप नहर रोड से एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध बीयर और अंग्रेजी शराब बरामद कर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक बैग और झोलों में शराब भरकर वाहन का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान विकास कुमार पुत्र कृष्णा सेठ निवासी थाना कोछस, जनपद रोहतास (बिहार) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से पांच झोले और एक पिट्ठू बैग बरामद हुआ, जिनमें कुल 42 लीटर बीयर और 19.65 लीटर विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब मिली।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह उत्तर प्रदेश से शराब खरीदकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने का काम करता है। पुलिस ने बरामद शराब को सील कर कब्जे में ले लिया है। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।