गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सादात पुलिस ने हत्या के एक चर्चित मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपी को शिवधर किसान इंटर कॉलेज हरौली के पास से गिरफ्तार किया।पुलिस के अनुसार प्रभारी निरीक्षक पन्नेलाल यादव के कुशल नेतृत्व में उपनिरीक्षक लालबहादुर सिंह मय टीम द्वारा मु0अ0सं0 174/2025 धारा 191(2), 190, 115(2), 352, 351(3) एवं 105 बीएनएस से संबंधित अभियुक्त की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त को हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने बताया कि 14 सितंबर 2025 की रात करीब आठ बजे मौधिया बाजार थाना सादात क्षेत्र में शराब लेने को लेकर कुछ लोगों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। इस घटना में सोनू यादव पुत्र बक्सी यादव निवासी ग्राम धुवार्जुन थाना सैदपुर गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी बाद में मृत्यु हो गई थी। मामले में 15 सितंबर 2025 को कन्हैया यादव पुत्र दीना यादव निवासी गोपालपुर थाना सैदपुर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान गवाहों के बयान एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना में संलिप्तता पाए जाने पर अभियुक्त अभिषेक उर्फ दानी यादव का नाम प्रकाश में आया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अभिषेक उर्फ दानी यादव पुत्र भरत यादव उर्फ जयभरत यादव निवासी कल्याणपुर पोस्ट सौरी थाना शादियाबाद जनपद गाजीपुर, उम्र करीब 21 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक पन्नेलाल यादव, उपनिरीक्षक लालबहादुर सिंह एवं थाना सादात पुलिस के अन्य कर्मी शामिल रहे।