गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति फेज-5.0 (द्वितीय चरण)’ अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जनपद गाजीपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत पुलिस बल द्वारा मुख्य बाजारों, संवेदनशील स्थानों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त कर महिलाओं और आमजन को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। पुलिसकर्मियों ने लोगों को महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनों, हेल्पलाइन नंबरों तथा सुरक्षा उपायों की जानकारी भी दी। इसके अतिरिक्त जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन की एंटी रोमियो टीमों ने संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध एवं शोहदा प्रवृत्ति के लोगों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की गई। पुलिस प्रशासन ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा और आत्मविश्वास की भावना विकसित करना है तथा ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाते रहेंगे।