जमानियां, गाजीपुर। कोतवाली क्षेत्र के चकमेदनी नंबर-1 गांव में खेत की पैमाइश के बाद गाड़े गए पत्थरों को उखाड़कर फेंकने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी श्याम सुंदर गुप्ता पुत्र सत्यनारायण गुप्ता ने 30 अप्रैल 2026 को अपने खेत, गाटा संख्या 115 रकबा 1.909 हेक्टेयर की राजस्व विभाग की टीम से पैमाइश कराई थी। पैमाइश पूरी होने के बाद खेत की सीमांकन प्रक्रिया के तहत चारों तरफ पत्थरगड़ी की गई थी। आरोप है कि इसके बाद पड़ोसी खेत के सुरेश कुशवाहा, रमेश कुशवाहा, महेश कुशवाहा पुत्रगण नवरंग कुशवाहा तथा पप्पू कुशवाहा एवं मनोज कुशवाहा पुत्रगण विजयशंकर कुशवाहा ने एकजुट होकर खेत में गाड़े गए पत्थरों को उखाड़कर फेंक दिया। पीड़ित के अनुसार जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। भयभीत होकर वह किसी तरह वहां से भागकर अपने घर पहुंचा। पीड़ित ने बताया कि घटना के अगले दिन उसने देवरिया चौकी प्रभारी को प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन कार्रवाई न होने पर बाद में कोतवाली में तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।