जमानियां, गाजीपुर। कोतवाली क्षेत्र में पहली पत्नी को प्रताड़ित कर घर से निकालने और बाद में चोरी-छिपे दूसरी शादी करने के आरोप में पुलिस ने पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। यह कार्रवाई पीड़िता द्वारा पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाने के बाद की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम राघोपुर, पोस्ट ताजपुर मांझा निवासी करीना चौधरी पुत्री ओमप्रकाश चौधरी की शादी 21 अप्रैल 2024 को हिंदू रीति-रिवाज से सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जैतपुरा निवासी अनिल चौधरी पुत्र अशोक चौधरी के साथ हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद से ही उसका पति दहेज एवं अन्य बातों को लेकर उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना करने लगा। बाद में उसे घर से निकाल दिया गया। आरोप है कि इसके बाद पति अनिल चौधरी ने बलिया जनपद के सदर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम प्रेमचक (उमरगंज) निवासी बबन प्रसाद की पुत्री अनीता के साथ चोरी-छिपे दूसरी शादी कर ली। करीना चौधरी ने बताया कि उसके पास दूसरी शादी से संबंधित पर्याप्त साक्ष्य और प्रमाण मौजूद हैं। महिला प्रकोष्ठ की ओर से कई बार नोटिस भेजे जाने के बावजूद आरोपी पति उपस्थित नहीं हुआ। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक गाजीपुर को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की मांग की थी। प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।