जमानियां, गाजीपुर। कोतवाली क्षेत्र के लहुवार गांव में मकान निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि निर्माणाधीन दीवार गिराने का विरोध करने पर महिला, उसके पति और बेटे के साथ मारपीट की गई। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी रुबी राय पत्नी रमेश चन्द्र राय अपने मकान के ऊपरी हिस्से में निर्माण कार्य करा रही थीं। इसी दौरान गांव के ही कृष्ण मुरारी राय एवं अजीत राय मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि दोनों ने जबरन निर्माणाधीन दीवार को गिराना शुरू कर दिया।जब रुबी राय और उनके पति रमेश चन्द्र राय ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर उनका पुत्र प्रतीक बीच-बचाव करने पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ भी लात-घूसों से मारपीट कर घायल कर दिया। मारपीट की घटना में महिला समेत तीनों लोग घायल हो गए। मौके पर मौजूद मजदूरों एवं ग्रामीणों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। घटना के बाद पीड़िता रुबी राय ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।