गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नंदगंज पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामिया वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपी को पहलवानपुर पुलिया के पास से घेराबंदी कर पकड़ा।
पुलिस के अनुसार थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र एवं उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव मय टीम क्षेत्र में चेकिंग एवं वांछित अभियुक्तों की तलाश में जुटे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि थाना नंदगंज में दर्ज मु0अ0सं0 150/2024 धारा 309(4) बीएनएस से संबंधित इनामिया अभियुक्त क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पहलवानपुर पुलिया के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विशाल यादव उर्फ बिटानू पुत्र विजय यादव निवासी बेहड़ा चौरे थाना केराकत जनपद जौनपुर, उम्र करीब 22 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि आरोपी एक शातिर अपराधी है, जिसके विरुद्ध जौनपुर एवं गाजीपुर जनपद में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ मारपीट, धमकी, अपहरण, दुष्कर्म, पाक्सो एक्ट एवं अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे पंजीकृत हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव एवं थाना नंदगंज पुलिस के अन्य कर्मी शामिल रहे।