गाजीपुर। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में महिला सहायता प्रकोष्ठ एवं परिवार परामर्श केंद्र गाजीपुर द्वारा शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में पारिवारिक विवादों के निस्तारण हेतु विशेष बैठक आयोजित की गई। इस दौरान कुल 17 मामलों की सुनवाई की गई, जिनमें से चार परिवारों को मध्यस्थता के माध्यम से पुनः एक साथ रहने के लिए राजी कर सकुशल विदाई कराई गई।
परिवार परामर्श केंद्र की टीम ने पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे विवादों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने का प्रयास किया। काउंसलिंग और आपसी संवाद के माध्यम से चार दंपतियों ने अपने गिले-शिकवे भुलाकर पुनः साथ रहने की सहमति जताई। इसके अतिरिक्त तीन मामलों में समझौता होने के बाद पत्रावली बंद कर दी गई, जबकि पांच मामलों में विधिक सलाह देकर निस्तारण किया गया। शेष मामलों में मध्यस्थता न होने के कारण अगली तिथि निर्धारित की गई। इन प्रकरणों के निस्तारण में विक्रमादित्य मिश्र, वीरेंद्र नाथ राम, महिला प्रकोष्ठ प्रभारी उपनिरीक्षक नीतू मिश्रा, महिला आरक्षी संध्या, सोनाली, सविता, अभिलाषा, रागिनी चौबे तथा आरक्षी शिवशंकर यादव सहित अन्य कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।