गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जमानियां पुलिस ने गोवध निवारण अधिनियम से संबंधित वांछित अभियुक्त को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को काशीराम आवास के पास से दबोचा।
पुलिस के अनुसार शनिवार को उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी रेलवे स्टेशन मय टीम क्षेत्र में गश्त एवं वांछित अभियुक्तों की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि थाना जमानियां में दर्ज मु0अ0सं0 144/2026 धारा 3/5A/8 गोवध निवारण अधिनियम एवं 11 पशु क्रूरता अधिनियम से संबंधित वांछित अभियुक्त क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने काशीराम आवास के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अभिषेक कुमार यादव पुत्र चन्द्रशेखर सिंह यादव निवासी पठानपुर फतेहउल्लाहपुर थाना नंदगंज जनपद गाजीपुर, उम्र 23 वर्ष के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अदद तमंचा .315 बोर एवं एक जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर थाना जमानियां में मु0अ0सं0 149/2026 धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत एक अन्य मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी रेलवे स्टेशन एवं थाना जमानियां पुलिस के अन्य कर्मी शामिल रहे।