जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के देवैथा गांव में रविवार दोपहर कोर्ट के आदेश पर चल रही पत्थरगड़ी (पैमाइश) की कार्रवाई के दौरान दो पक्षों में हिंसक संघर्ष हो गया। आरोप है कि दबंगों ने राजस्व और पुलिस टीम की मौजूदगी में ही दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सात नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तहरीर के अनुसार, देवैथा गांव निवासी नौजादिक सिंह यादव का मौजा देवैथा स्थित आराजी संख्या 186 को लेकर न्यायालय में मुकदमा चल रहा था। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में रविवार दोपहर करीब एक बजे राजस्व विभाग की टीम और पुलिस बल मौके पर पैमाइश कराने पहुंचे थे। इसी दौरान नौजादिक सिंह अपने परिवार के साथ वहां मौजूद थे। आरोप है कि पैमाइश शुरू होते ही दूसरे पक्ष के सौदागर यादव, शंभू यादव, रामू यादव, प्रदीप यादव, बबलू यादव, विजय यादव और शीला देवी मौके पर पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए हमला बोल दिया। हमलावरों ने लाठी, डंडे और गड़ासे से मारपीट शुरू कर दी। हमले में अजीत यादव और विशाल यादव गंभीर रूप से घायल होकर खेत में ही बेहोश हो गए। दोनों के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद लेखपाल, कानूनगो, पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर घायलों को बचाया। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि मामले में सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।