जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दाउदपुर में तिलक समारोह के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में पिता-पुत्र पर लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायलों में एक की हालत नाजुक होने पर उसे वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित सुरेश राम ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि वह बीते शनिवार की रात अपने 20 वर्षीय पुत्र प्रवीन्द कुमार के साथ गांव निवासी रामअसीस राम के यहां आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। आरोप है कि रात करीब 11:30 बजे पुरानी रंजिश को लेकर रामअसीस राम तथा उसके पुत्र मुकेश, राहुल और मिथिलेश ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते लाठी-डंडों से हमला बोल दिया।
हमले में सुरेश राम के सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पुत्र प्रवीन्द कुमार को भी आरोपियों ने मारपीट कर घायल कर दिया। घटना के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को जमानियां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुरेश राम की गंभीर स्थिति को देखते हुए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। इलाज के बाद सोमवार को पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर चारों आरोपियों के खिलाफ लिखित तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।