जमानिया। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के ग्राम डिल्लाचावर देवैथा में पुरानी रंजिश को लेकर कुछ दबंगों ने एक परिवार पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। मारपीट में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि परिवार की महिलाओं को भी चोटें आई हैं। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता मनचली देवी पत्नी शैलेंद्र राजभर निवासी डिल्लाचावर देवैथा ने कोतवाली में दी तहरीर में आरोप लगाया कि रविवार की सुबह करीब आठ बजे गांव के ही अनिल, अरुण, दीपक तथा नगसर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर निवासी किसान उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में उनके पति शैलेंद्र राजभर का सिर फट गया, जबकि मनचली देवी और उनकी पुत्री पूजा को भी चोटें आईं। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। घायलों का उपचार कराने के बाद पीड़िता ने पुलिस को लिखित तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर चारों आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।