गाजीपुर। महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित “मिशन शक्ति फेज-5.0 (द्वितीय चरण)” अभियान के तहत मंगलवार को जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस टीमों ने बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थलों पर पैदल गश्त कर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में एंटी रोमियो टीमों ने सक्रिय रूप से भ्रमण और चेकिंग अभियान चलाया। टीमों ने सार्वजनिक स्थलों पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए शोहदों के विरुद्ध कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं और छात्राओं को हेल्पलाइन नंबरों एवं सुरक्षा उपायों की जानकारी देते हुए किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करने की अपील की। अभियान के माध्यम से महिला सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया गया।