जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के देवैथा गांव में रास्ते में रोककर एक महिला और उसके बेटे के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दबंगों ने मां-बेटे को लाठी-डंडों और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तहरीर के अनुसार देवैथा गांव की मूल निवासी भगवानी देवी बीते 19 मई की शाम करीब सात बजे अपने डेरा से घर लौट रही थीं। इसी दौरान गांव के ही मुलायम यादव और मुन्ना उर्फ शिवनरायण यादव ने रास्ते में रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों आरोपियों ने महिला पर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला कर दिया। महिला को बचाने पहुंचे उनके बेटे ओमप्रकाश यादव को भी आरोपियों ने पीट दिया। मारपीट में मां-बेटे के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।