जमानिया। क्षेत्र के चवरी गांव निवासी एक मजदूर को अपनी बकाया मजदूरी मांगना भारी पड़ गया। आरोप है कि मजदूरी के रुपये मांगने पर दबंग ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से उसकी पिटाई कर दी। हमले में मजदूर घायल हो गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तहरीर के अनुसार चवरी गांव निवासी ओमप्रकाश गुप्ता बीते 18 मई की दोपहर करीब तीन बजे अपनी मजदूरी के बकाया 9 हजार रुपये मांगने सोनहरिया गांव निवासी बंगा गुप्ता के घर गए थे। आरोप है कि रुपये मांगते ही बंगा गुप्ता भड़क गया और पैसे देने से इनकार करते हुए गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे ओमप्रकाश के हाथ में गंभीर चोटें आईं। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपी ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद डरे-सहमे पीड़ित ने अगले दिन कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत दी। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।